ब्यावरा/राजगढ़:– नवरात्रि महोत्सव के समापन पर मां मंशापूर्ण वैष्णो देवी मंदिर परिसर में विशाल कन्या भोज-भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान कन्याओं का पाद पूजन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। कन्याओं को भोजन प्रसादी के साथ उपहार भी भेंट किए गए। आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसादी ग्रहण की और मां वैष्णो देवी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद कन्या पूजन की परंपरा निभाई गई। इस अवसर पर मंत्री पंवार सहित मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों ने कन्याओं के चरण धोकर उनका पूजन किया। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराया गया और उपहार स्वरूप शैक्षणिक सामग्री प्रदान की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भी भंडारे की व्यवस्था की गई थी।
नवरात्रि के नौ दिनों तक मंदिर परिसर में विशेष साज-सज्जा की गई थी। रंग-बिरंगी रोशनी,जय माता दी के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। इस दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बालिकाओं और स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा गया। श्रद्धालुओं को डिस्पोजल पत्तलों के स्थान पर थालियों में भोजन परोसा गया। कन्या पूजन, भंडारे और मंदिर निर्माण की तैयारियों से जुड़े कार्यक्रमों के बीच पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिखाई दिया।

