मध्य प्रदेश: यौन उत्पीड़न के आरोपी ने जमानत पर बाहर आते ही शिकायतकर्ता युवती को मार दी गोली, हुआ फरार

Spread the love


मध्य प्रदेश में जमानत पर छूट कर आए शख्स ने शिकायतकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। 24 साल का यह युवक यौन उत्पीड़न के केस में आऱोपी था। घटना सागर जिले की है। आरोपी युवक का नाम रोहित राजपूत बताया जा रहा है। रोहित राजपूत ने 21 साल की युवती को गोली मार दी है। बताया जा रहा है कि इस महिला ने ही रोहित राजपूत पर यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था। इस मामले में रोहित राजपूत एक महीने पहले जमानत पर रिहा हुआ था। सागर के पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह ने कहा कि घटना के वक्त जब महिला के घरवालों ने युवक के हाथ से बंदूक छिनने की कोशिश की तब वो पत्थर बरसाते हुए वहां से फरार हो गया।

गोली लगने के बाद युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस ने रोहित को तीन महीने पहले पकड़ा था। इस युवक के खिलाफ यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया गया था। वो फिलहाल जमानत पर बाहर था। शिकायकर्ता को गोली मारने के बाद से रोहित राजपूत फरार है पुलिस उसे तलाश करने की कोशिश कर रही है।

लड़की के भाई ने ही इस हत्या के बारे में पुलिस को जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘रोहित राजपूत उनके इलाके में ही रहता था। रोहित लंबे समय से मेरी बहन को परेशान कर रहा था। वो मेरी बहन पर उससे शादी करने का दवाब बना रहा था। इतना ही नहीं शादी नहीं करने पर वो उसे अंजाम भुगतने की धमकी भी दे रहा था। तीन महीने पहले मेरी बहन ने यह बात परिवार वालों को बताई थी। इसके बाद हमने थाने में जाकर शिकायत दर्ज करवाई थी।’

उन्होंने कहा कि जब वो जमानत पर जेल से बाहर आय़ा तब हमें लगा कि उसे अपनी गलतियों का एहसास हो गया है और अब वो मेरे परिवार से दूर रहेगा लेकिन मैंने सोचा भी नहीं था कि वो मेरी बहन की हत्या करने की योजना बना रहा है।

0Shares
मध्यप्रदेश