

राजगढ़/ब्यावरा:–जिले में आजीविका मिशन से जुड़ी वर्मी कंपोस्ट निर्माण करने वाली महिलाओं के साथ जिला कलेक्टर हर्ष दीक्षित एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रीति यादव ने चर्चा कर गतिविधि के विस्तार करने की रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना का उपस्थित रहे।
उन्होंने महिलाओं के उत्पाद को देखा एवं उत्पादन बढ़ाने के साथ पैकेजिंग एवं विक्रय रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर श्री दीक्षित ने खाद के विक्रय बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों को आदेशित करने की बात कही। मुख्य कार्यपाल अधिकारी जिला पंचायत सुश्री यादव ने इच्छुक महिलाओं का चयन कर एन.आर.जी.एस. के माध्यम से वर्मी पिट निर्माण को आगे बढाने का सुझाव दिया।
इस दौरान चाटूखेड़ा से श्रीमती पवित्रा अग्रवाल, बांसखेड़ा से कांता नागर, मंजू नागर, कालीपीठ से श्रीमति भगवती वर्मा ने वर्मी कंपोस्ट के उत्पादन एवं उस के माध्यम से की गई खेती के बारे में विस्तार से बताया। महिलाओं द्वारा जैविक खेती के माध्यम से हल्दी, अदरक एवं सोयाबीन का उत्पादन किया गया है। इन सभी महिलाओं ने इसका उपयोग भी किया है तथा 60 क्विंटल से अधिक वर्मी कंपोस्ट का विक्रय कर दूसरों को भी लाभान्वित किया है।
