

राजगढ़/ब्यावरा:– मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती प्रीति यादव ने जनपद पंचायत जीरापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहली, लसुड़ल्या एवं जैथली का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत मोहली में सुदूर तथा एप्रोच रोड़ निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण कार्य नही पाया साथ ही निर्माण कार्यो से संबंधित दस्तावेजो का अवलोकन किया गया।
सचिव श्री महेन्द्र सिंह सोनगिरा द्वारा दस्तावेजो का संधारण नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त की जाकर रिकार्ड सुधारने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत मोहली मे आंगनवाड़ी के निरीक्षण के दौरान भवन बंद मिलने पर संबंधित पर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम पंचायत मोहली में पुलिया निर्माण कार्य का निरीक्षण कर उक्त कार्य को पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया एवं शेष भुगतान कर ग्राम पंचायत मोहली अंतर्गत हेडपंप के आस-पास जमा हो रहे पानी से फैल रही गंदगी से निजात पाने के लिए सोकपिट बनाये जाने हेतु जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा अन्य अमले को निर्देशित किया गया।
ग्राम पंचायत मोहली अंतर्गत ग्रामवासियों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना गया।
ग्राम पंचायत लसुड़ल्या मे सर्वप्रथम मा.वि. का निरीक्षण किया एवं शाला परिसर की बाउन्ड्रीवॉल की गुणवत्ता चेक की गई। ग्राम पंचायत गोशाला का निरीक्षण किया गया गौशाला से लगी हुई शासकीय भूमि में चारागाह निर्माण करने हेतु निर्देशित किया गया। जिससे गौवंश को चारा उपलब्ध हो सके।
ग्राम पंचायत जैथली में निर्माणाधीन गौशाला का निरीक्षण किया गया एवं उक्त गौशाला को अतिशीघ्र पूर्ण करने हेतु ग्राम पंचायत एजेंसी को निर्देशित किया गया। जिससे निराश्रित गौवंश को आश्रय दिया जा सकें। ग्राम पंचायत जैथली में ग्राम पंचायत भवन में पहुॅचकर मनरेगा योजना अंतर्गत तैयार किये जाने वाले दस्तावेज तथा 07 रजिस्टर का अवलोकन किया गया। ग्राम पंचायत जैथली अंतर्गत गंदा पानी इकट्ठा होने पर नाराजगी व्यक्त की गई एवं दो दिवस में उक्त स्थानो पर सोकपीट निर्माण करने हेतु जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा अन्य अमले को निर्देशित किया गया।
उक्त निरीक्षण के दौरान मनोज बाथम कार्यपालन यंत्री, ग्रा.या.से. संभाग राजगढ़, एवं परियोजना अधिकारी मनरेगा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री सहित पंचायत अमला मौजूद रहे।
