नेशनल लोक अदालत के लिए प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया

राजगढ़/ब्यावरा:–राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 11 दिसम्बर 2021 को सम्पूर्ण म0प्र0 में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिला राजगढ़ में भी प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री अनिल कुमार भाटिया के मार्गदर्शन में जिला एवं तहसील स्तर पर नेशनल लोक अदालत आयोजित की जायेगी। इस हेतु आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा नेशनल लोक अदालत में नगरपालिका के सम्पत्तिकर, जलकर, विद्युत विभाग के न्यायालय में लंबित एवं प्रीलिटिगेशन प्रकरण एवं शासन द्वारा दी जा रही छूट एवं अन्य विभागों, बैंक के द्वारा दी जा रही छूट तथा नेशनल लोक अदालत के फायदों की जानकारी देने के उद्देश्य से आज जिला न्यायालय परिसर एडीआर भवन राजगढ़ से प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री अनिल कुमार भाटिया के द्वारा हरी झण्डी दिखाकर प्रचार-प्रसार वाहन को रवाना किया गया।
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय श्री पी0सी0 गुप्ता, विशेष न्यायाधीश श्री अजय श्रीवास्तव, जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्रीमती मीनल श्रीवास्तव एवं समस्त न्यायाधीशगण, अन्य न्यायालयीन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उक्त प्रचार-प्रसार वाहन शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर नेशनल लोक अदालत के संबंध में जानकारी देकर आमजन को लोक अदालत का लाभ लेने के लिये प्रेरित कर रहा है। साथ ही प्रचार-प्रसार वाहन में पैरालीगल वॉलेंटियर्स के माध्यम से पम्पलेट्स भी आमजन को वितरित कराये जा रहे हैं ताकि नेशनल लोक अदालत के फायदे एवं दी जा रही छूट का लाभ आमजन ले सकें।

0Shares
राजगढ़ ब्यावरा