18 को ब्यावरा अस्पताल में
*राजगढ़/ब्यावरा:* 16 अप्रैल, 2022 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दीपक पिप्पल द्वारा दी गई जानकारी अनुसार जिले में भारत शासन के निर्देशानुसार ‘‘आजादी का महोत्सव‘‘ के उत्सव के अंतर्गत कलेक्टर हर्ष दीक्षित के मार्गदर्शन में जिले में विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य मेले का आयोजन जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में 18 अप्रैल, 2022 से किया जाएगा। स्वास्थ्य मेलों का उद्देश्य विभिन्न प्रकार की संचारी एवं असंचारी बीमारियों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, व्यापक आई.ई.सी. माध्यम से स्वस्थ्य आचरण अपनाने हेतु जन-जागरूकता लाना, बीमारी प्रारंभिक स्तर पर पहचान हेतु स्क्रीनिंग एवं निदान हेतु बुनियादी जाँच, दवाईयों की उपलब्धता के साथ टेली कंसलटेशन माध्यम उपचार प्रदाय कराया जाना एवं आवश्यक रेफरल सेवाएं प्रदान करना है।
विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेलों में हितग्राहियों को स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। स्वास्थ्य मेले के माध्यम से आयुष्मान भारत-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर ध्यान केंद्रित करते हुए विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने हेतु उचित परामर्ष सेवाएं एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियां, विकासखंड अंतर्गत आने वाली जनसंख्या में समस्त व्यक्तियों का आयुष्मान भारत डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत विशिष्ट स्वास्थ्य आई.डी. (पहचान-पत्र) बनाया जाएगा। इन स्वास्थ्य मेलो में ब्लॉक के अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता करते हुए उनका विशिष्ट स्वास्थ्य आई. बनाये जाना है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत समस्त पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेलो का आयोजन समस्त विकासखण्डों में किया जाएगा। जिनमें 18 अप्रैल 2022 को सिविल अस्पताल ब्यावरा में, 19 अप्रैल 2022 को सिविल अस्पताल नरसिंहगढ़, 23 अप्रैल 2022 को सिविल अस्पताल सारंगपुर एवं मांगलिक भवन बस स्टेण्ड खुजनेर में, 25 अप्रैल 2022 को शासकीय माध्यमिक शाला परिसर शासकीय अस्पताल के पास खिलचीपुर में तथा 27 अप्रैल 2022 को पुरानी कृषि उपज मण्डी प्रागंण जीरापुर में स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जाएंगे।

