
नागरिकों को अपने-अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए किया प्रेरित
राजगढ़/ब्यावरा:–आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत जिले में ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान के अंतर्गत आम जन की सहभागिता बढ़ाने एवं जनजागरूकता हेतु कलेक्टर हर्ष दीक्षित के निर्देशानुसार जिले के शहरी एवं ग्रामीण 75 अंचलों पर छात्र-छात्राओं द्वारा 75 की आकृति मानव श्रृंखला एक साथ एक ही समय पर बनाई गई। अभियान अंतर्गत जन जागरूकता के उद्देश्य से विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण अंचलों में रैलियां भी निकाली गई। ‘‘हर घर तिरंगा-घर घर तिरंगा‘‘ के नारे एवं ‘‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा झण्डा ऊंचा रहे हमारा‘‘ के गीत से नागरिकों को देशप्रेम से ओतप्रोत किया। मानव श्रृंखला एवं रैली के माध्यम से क्षेत्रीय नागरिकों को अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाने का संदेश दिया और प्रेरित किया।

