सुठालिया शा.कन्या शाला में आयोजित हुआ प्रवेशोत्सव कार्यक्रम

सुठालिया शा.कन्या शाला में आयोजित हुआ प्रवेशोत्सव कार्यक्रम

मेहनत के बल पर आप किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हो – राज्यमंत्री श्री पंवार

ब्यावरा/सुठालिया:– शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुठालिया में स्कूल चलें हम अभियान अंतर्गत आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विभाग नारायण सिंह पंवार द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा नवीन कक्षाओं में प्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। साथ ही छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें भी वितरित की गई।

राज्य मंत्री श्री पंवार ने कहा कि नवीन कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले सभी छात्र- छात्राओं को शुभकामनाएं। आज कोई भी बच्चा अपनी मेहनत के बल पर किसी भी मुकाम को हासिल कर सकता है। जीवन में शिक्षा ही एक ऐंसी रोशनी है जिससे हम हर अंधेरे से लड़ सकते हैं। आगे चलने का रास्ता शिक्षा के माध्यम से ही जरूरी है। जो संघर्ष के साथ आगे बढ़ते हैं, उनका यश और उनकी सफलताएं बड़ीं और लम्बी होती हैं। स्कूल चले हम अभियान प्रतीक है विकास, विस्तार व भविष्य की यात्रा का।उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रति सम्मान का भाव सदैव बना रहना चाहिए। गुरु का विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। पहले बच्चे गुरूकुल, आश्रमों में रहकर बच्चे शिक्षा प्राप्त करते थे। बच्चे आश्रम में ही रहते, कार्य करते और शिक्षा-दीक्षा भी गृहण करते थे। हम विद्यालयों में विद्यार्थियों को ऐसा परिवेश और मार्गदर्शन दें, जिससे वे कठिन परिस्थितियों में भी श्रेष्ठ ज्ञान और शिक्षा प्राप्त करते हुए नैतिक मूल्यों के साथ लक्ष्य प्राप्ति की ओर अग्रसर हो सकें। सरकार द्वारा शासकीय विद्यालयों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है जिससे कि शिक्षा व्यवस्था और अधिक बेहतर हो, विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो। आज हमारे देश में हमारी बेटियां हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं, हमारे देश की राष्ट्रपति भी हमारे देश की बेटी हैं जिन्होंने छोटे से गांव से निकलकर अपनी मेहनत के बल पर आज ये मुकाम हासिल किया है। हमारी बेटियां सेना की कमान संभाल रही हैं, विभिन्न क्षेत्रों में देश का प्रतिनिधित्व कर रही है, बेटियों आप लोग खूब मेहनत करो और सफलता की ऊंचाई प्राप्त करो यही मेरी शुभकामनाएं हैं।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने स्कूल चले हम अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान बच्चों के विकास और भविष्य की यात्रा का प्रतीक है। शिक्षा का यह अभियान समाज को बेहतर, विकसित और समृद्ध बनाएगा।
प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, विशेष अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सौंधिया, अमित शर्मा जिला महामंत्री मंत्री, कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष हरेंद्र बना ,नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिराज लोधी पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष राकेश शिवहरे, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह चौहान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नारायण सिंह सालरियाखेडी़, भाजपा नेत्री सुश्री माधवी परमार, जिला शिक्षा अधिकारी करण सिंह भिलाला, एडीपीसी मनीष शर्मा ,डी.पी.सी आर.के.यादव ब्लाक शिक्षा अधिकारी दिलीप शर्मा, बी.आर. सी. जी. के. दुबे , नगर परिषद अध्यक्ष रईस खान, सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रमेश गुनैया एवं गोपाल सक्सेना द्वारा किया गया एवं आभार संकुल प्राचार्य दिनेश कुमार धनगर द्वारा व्यक्त किया गया!

0Shares
राजगढ़ ब्यावरा