स्वास्थ्य व पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक, मेडिकल स्टोर्स पर सीसीटीवी व नारकोटिक्स नियंत्रण के सख्त निर्देश

स्वास्थ्य व पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक, मेडिकल स्टोर्स पर सीसीटीवी व नारकोटिक्स नियंत्रण के सख्त निर्देश

राजगढ़/ब्यावरा:–कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार तोलानी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मेडीको-लीगल प्रकरण (एमएलसी) रिपोर्ट की पेंडेंसी, नारकोटिक्स नियंत्रण एवं मेडिकल स्टोर्स की निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ करना रहा।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने निर्देशित किया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएं तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि एमएलसी रिपोर्ट की लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए और भविष्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निपटारा करें।बैठक में नारकोटिक्स दवाओं की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विशेष रूप से इंजेक्शन ‘एविल’ सहित संवेदनशील दवाओं की बिक्री पर सतर्क दृष्टि रखने तथा मेडिकल स्टोर्स का रेंडम निरीक्षण करने के निर्देश दिए। औषधि निरीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने के लिए कहा गया। बैठक में अनुपस्थित रहने पर संबंधित सीबीएमओ के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि शासकीय कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार तोलानी ने भी नारकोटिक्स नियंत्रण एवं एमएलसी प्रकरणों में पुलिस- स्वास्थ्य विभाग के समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अवैध दवा बिक्री एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

0Shares
राजगढ़ ब्यावरा