गंभीर घायल को राहगीर कृष्ण मोहन ने पहुंचाया अस्पताल, थाना प्रभारी ने किया सम्मान
ब्यावरा/राजगढ़:–नगर के सुठालिया बायपास रोड पर आज दोपहर में अज्ञात एक तेज रफ्तार कार ने हाथ ठेले पर फल बेचने वाले को टक्कर मार दी, टक्कर इतनी तेज थी कि हाथ ठेला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे वहां मौजूद युवक कृष्ण मोहन लववंशी ने तुरंत घायल राजेश साहू को ऑटो में बैठाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। ये घटना बायपास रोड यशराज होटल के पास यादव धर्मशाला के सामने हुई जिसमें ठेला चालक राजेश पिता लक्ष्मीनारायण साहू 35 वर्ष निवासी स्वरूपनगर घायल हो गया। घटना के दौरान वहां मौजूद कृष्णा लववंशी ने मानवता दिखाते हुए घायल हाथ ठेले वाले को उठाकर ऑटो में बैठाया और तुरंत ही सिविल अस्पताल पहुंचाया जिसका समय पर उपचार संभव हुआ, हालांकि घायल ठेले वाले के हाथ, पैर फैक्चर और कमर में अधिक चोट आने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बता दें कि घायल राजेश साहू इकलौता कमाने वाला है जो हाथ ठेले पर मूंगफली, फल आदि बेचकर अपना और परिवार का पालन-पोषण करता है। उसके 7-8 वर्ष का लड़का है और पत्नी है, कमाने वाला वह अकेला है। उक्त घटना की जानकारी सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ को मिलते ही उनकी टीम घटना स्थल पर पहुंची जिसने आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज को चेक किए ताकि कार को पकड़ा जा सके।
थाना प्रभारी वीरेंद्र धाकड़ ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है युवक कृष्ण मोहन लववंशी द्वारा घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और उसका जल्द से जल्द इलाज शुरू करवाने में अहम भूमिका रही। घायल युवक खतरे से बाहर है, इसकी जानकारी सोशल मीडिया में साझा होने पर लोगों ने कृष्ण मोहन की खूब सराहना की और शासन की योजना घायल को बचाने पर इनाम देने की योजना का लाभ दिए जाने के लिए भी सोशल मीडिया पर प्रोत्साहित किया।

