ब्यावरा/राजगढ़:–सुठालिया के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण विकास कार्यों का शुभारंभ हुआ। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने विद्यालय परिसर में ₹5 करोड़ 43 लाख की लागत से निर्मित होने वाले 14 अतिरिक्त कक्षों सहित दो मंजिला भवन, बाउंड्रीवॉल एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया।
शिक्षा अधोसंरचना के विकास को सरकार की प्राथमिकता
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि विद्यालय शिक्षा का मंदिर है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक अधोसंरचना और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कक्षों एवं अन्य निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सुठालिया के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का परिसर पहले अपेक्षाकृत छोटा था, लेकिन विकास कार्यों के माध्यम से आज विद्यालय को बेहतर एवं विस्तृत परिसर उपलब्ध हुआ है। अब ₹5.43 करोड़ की लागत से 14 अतिरिक्त कक्षों वाला दो मंजिला भवन बनने जा रहा है। इससे छात्राओं को अध्ययन-अध्यापन के लिए अतिरिक्त एवं सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा।
“बेटे-बेटियां हमारी दो आंखें हैं”
मंत्री श्री पंवार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “बेटे और बेटियां हमारी दो आंखें हैं। दोनों के सक्षम और शिक्षित होने से ही क्षेत्र और देश का भविष्य उज्ज्वल होगा।” उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है।
विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान
राज्य मंत्री श्री पंवार ने विद्यार्थियों से कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का लाभ उठाते हुए मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने परिवार, क्षेत्र एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को सशक्त बनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि जगदीश गुर्जर सहित जनप्रतिनिधिगण, विद्यालय का स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।।

