राजगढ़/मप्र:–कलेक्टर एवं एसपी की उपस्थिति में राजगढ़ वृत्त की राजस्व वसूली की हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक800 शस्त्र लाइसेंसधारियों के बिजली बिलों की होगी जांच, 7 दिन में स्क्रूटनी के निर्देश लीड बैंक मैनेजर के माध्यम से बड़े बकायादारों के बैंक खातों की निकाली जाएगी जानकारी।
जिले में विद्युत देयकों की बकाया राशि की शत-प्रतिशत वसूली और राजस्व में वृद्धि के लिए प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह सख्त हो गया है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) की अध्यक्षता में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MPMKVVCL) के राजगढ़ वृत्त की एक हाई-प्रोफाइल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य महाप्रबंधक (CGM) भोपाल, महाप्रबंधक (GM) और राजगढ़ वृत्त के सभी उप महाप्रबंधक (DGM) मुख्य रूप से उपस्थित थे। बैठक में बिजली चोरी करने वालों और जानबूझकर बिल न भरने वाले बड़े डिफाल्टरों के खिलाफ कड़ी विधिक व प्रशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
शस्त्र लाइसेंसधारियों की होगी जांच, NOC अनिवार्य
कलेक्टर महोदय ने निर्देश दिए हैं कि जिले के 800 शस्त्र लाइसेंसधारियों की सूची प्राप्त कर अगले 7 दिनों के भीतर गहन जांच की जाए। यदि इन लाइसेंसधारियों पर विद्युत बिल की बकाया राशि पाई जाती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही, अब जिले में, माइंस (खनन) और शस्त्र लाइसेंस सहित किसी भी प्रकार के सरकारी लाइसेंस या उसके नवीनीकरण (Renewal) के लिए विद्युत कंपनी की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जमा करना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना NOC के कोई भी प्रशासनिक अनुमति जारी नहीं होगी।
डिफाल्टर सरपंचों के वित्तीय अधिकार होंगे सीज, थानों से मिलेगा पुलिस बल
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में वसूली को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। ऐसे सरपंच जो लगातार बिजली बिल जमा नहीं कर रहे हैं, उनके विरुद्ध पंचायत राज अधिनियम की धारा 40/52 के तहत वित्तीय अधिकारों को रोकने (सीज करने) की संयुक्त कार्रवाई जिला पंचायत सीईओ महोदय, कलेक्टर महोदय द्वारा की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली लोक अदालत हेतु 29 तारीख से लोक अदालत के नोटिसों के त्वरित वितरण के लिए प्रत्येक पुलिस थाने से 1-1 पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगाई जाएगी। विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत बिजली चोरी के गंभीर प्रकरण की प्राथमिकी थाने दर्ज की जाए ऐसे निर्देश दिए गए।
लीड बैंक मैनेजर खंगालेंगे बड़े बकायादारों के खाते
वित्तीय रूप से सक्षम होने के बावजूद बिल न भरने वाले बड़े बकायादारों पर शिकंजा कसने के लिए लीड बैंक मैनेजर (LBM) की मदद ली जा रही है। बिजली कंपनी बड़े डिफाल्टरों के नाम एलबीएम को सौंपेगी, जिसके माध्यम से उनके व्यावसायिक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (DCCB) के खातों की जानकारी निकाली जाएगी। इसके बाद आगामी वैधानिक कुर्की कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
मैदानी स्तर पर कोटवार करेंगे मदद, समन्वय के निर्देश
बकायादारों के सही नाम और पते की पहचान के लिए राजस्व विभाग के माध्यम से स्थानीय कोटवारों को मैदानी अमले की मदद करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
ईमानदार उपभोक्ताओं का होगा सम्मान
एक ओर जहाँ डिफाल्टरों पर कड़ी कार्यवाही की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर विद्युत कंपनी ने अपने नियमित उपभोक्ताओं (Regular Payees) के प्रति आभार व्यक्त किया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि समय पर बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें धन्यवाद ज्ञापित कर जन-विश्वास को और मजबूत किया जाए।
——————————

