ब्यावरा के हृदय स्थल पीपल चौराहे पर विराजे भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी

ब्यावरा के हृदय स्थल पीपल चौराहे पर विराजे भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी

Spread the love

राजगढ़/ब्यावरा:– सुशासन के प्रणेता, राष्ट्रनिष्ठ विचारक, ओजस्वी वक्ता एवं पूर्व प्रधानमंत्री, ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के पावन अवसर पर नगर के प्रमुख पीपल चौराहे पर अटल जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार एवं सांसद रोडमल नागर द्वारा किया गया।इस अवसर पर नगर का प्रमुख राजगढ़ रोड का नाम देश के महान नेता अटल बिहारी वाजपेयी मार्ग के नाम पर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचार, संस्कृति और राष्ट्रसेवा की जीवंत मिसाल थे। जिनकी स्वीकार्यता सभी दलों और विचारधाराओं में समान रूप से रही। वे कठोर निर्णय लेने में भी पीछे नहीं हटे। प्रधानमंत्री रहते हुए उन्होंने राष्ट्रीय हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। हमारा शहर एक उभरता हुआ आधुनिक नगर है। पीपल चौराहे पर अटल जी की प्रतिमा की स्थापना से नगर को अलग पहचान मिलेगी। साथ ही उन्होंने 1994 का उदाहरण देते हुए बताया कि कांग्रेस सरकार के समय, तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव ने विपक्ष के नेता होने के बावजूद अटल जी पर भरोसा जताया और उन्हें संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग, जेनेवा में भारत का पक्ष रखने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सौंपा। यह वह क्षण था, जब दल से ऊपर देश को रखा गया और अटल जी की राष्ट्रनिष्ठा पर सम्पूर्ण देश को गर्व हुआ।

अटल जी के विचारों ने राजनीति को दिशा और समाज को विश्वास दिया,

सांसद रोडमल नागर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल नेता नहीं, बल्कि विचारधारा और संवेदना का संगम थे। उन्होंने कहा कि “अटल जी ने अपने विचारों को जीवन में उतारकर दिखाया। उन्होंने सिखाया कि सत्ता में रहते हुए भी विनम्रता और जनसंवेदना कैसे बनाए रखी जाए।

इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती लीलादेवी कुशवाह, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व राज्यमंत्री बद्रीलाल यादव,
अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी ब्यावरा गोविंद कुमार दुबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ब्यावरा इकरार अहमद सहित जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।

0Shares
राजगढ़ ब्यावरा