राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बजट बैठक
राजगढ़/राजगढ:– प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार की अध्यक्षता में शुक्रवार को नगर पालिका परिषद ब्यावरा की सभाकक्ष में बजट बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास के लिए 2025-26 के बजट का अनुमोदन किया गया, जिसमें लगभग 60 करोड़ रूपये आय- व्यय निर्धारित किया गया है। इस बजट में विशेष रूप से शहर के बुनियादी ढांचे और व्यवस्थाओं पर जोर दिया गया है, साथ ही बजट में ब्यावरा नगर में होने वाले विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि सरकार का कहना है हमें हमारे पैरों पर खड़े होने की आवश्यकता है। हमारा शहर अब लगभग 01 लाख लोगों का दबाव झेल रहा है जिसके हिसाब से हमें अपनी इनकम जनरेट करना पड़ेगी, हमको जनता के साथ तालमेल बिठाकर काम करना है। आज नगर पालिका परिषद ब्यावरा का बजट सम्मेलन आहूत किया गया। वर्ष 2025- 26 का वित्तीय बजट हमने सर्व सहमति से पारित किया है। यह बजट शहर की कायाकल्प बदलने वाला होगा। इस वर्ष बजट में आय व व्यय में तालमेल रखते हुए नगर के सर्वांगीण विकास के लिये अनेक प्रावधान किया गए हैं ताकि विकास कार्यों के लिये ब्यावरा नगरपालिका को पर्याप्त राशि प्राप्त हो और धनराशि के अभाव में विकास कार्य प्रभावित न हो। हम विरासत से विकास की ओर बढ़ रहे हैं। ब्यावरा शहर में हम आप सभी के सहयोग से इसको विकास की नई ऊंचाईयों तक ले जाएंगे।
ब्यावरा में जल्द समाप्त होगी पेयजल समस्या
प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार कहा कि ब्यावरा शहर की पेयजल समस्या समाप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। ब्यावरा शहर के लिए लगभग 33 करोड़ रूपये से निर्मित होने वाली पेयजल योजना के टेंडर लग चुके है हम जल्द इसका भूमिपूजन करेंगे ।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती लीलादेवी फूल सिंह कुशवाहा, उपाध्यक्ष अतुल जगताप, सांसद प्रतिनिधि पवन कुशवाहा, सीएमओ इकरार अहमद, पार्षदगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।