
पूर्व सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर की तस्वीर के साथ की आपत्ति जनक ट्वीट
राजगढ/मप्र:– कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के विरुद्ध इंदौर, राजगढ़ और गुना में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है। उन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरसंघचालक माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर की तस्वीर के साथ अनर्गल ट्वीट करने का आरोप है।
इंदौर के तुकोगंज थाने में केस शनिवार देर रात दर्ज किया गया। वहीं राजगढ़ के कोतवाली थाने और दिग्विजय सिंह के गृह जिले गुना के कैंट थाने में रविवार को प्रकरण दर्ज किया गया।
आरएसएस की छवि धूमिल करने का आरोप
इंदौर में हाई कोर्ट वकील राजेश जोशी ने शिकायत दर्ज करवाई। इसमें दिग्विजय सिंह पर ट्वीट के माध्यम से आरएसएस की छवि धूमिल करने और धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाया गया।

शिकायत के अनुसार दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर गुरु गोलवलकर की तस्वीर के साथ अनर्गल बातें प्रसारित की हैं। दिग्विजय सिंह ने कथित रूप से गुरु गोलवलकर की तस्वीर के साथ आरएसएस चीफ लिखकर ऊपर हिस्से में उनकी पुस्तक का झूठा उल्लेख किया।
राजगढ़ और गुना में भी केस
इन्हीं धाराओं में राजगढ़ के कोतवाली थाने में दिग्विजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया। शिकायत भाजयुमो के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष अंशुल तिवारी ने की। उधर, दिग्विजय सिंह के विरुद्ध उनके गृह जिले गुना की कैंट थाना पुलिस ने हिंदू संगठन से जुड़े कैंट निवासी केशव शर्मा की शिकायत पर एफआइआर दर्ज की है।
दिग्विजयसिंह के फेसबुक अकाउंट की जानकारी मांगी
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के द्वितीय सरसंघसंचालक माधवराव सदाशिव गोलवलकर पर विवादित पोस्ट करने के मामले में इंदौर पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। टीआइ कमलेश शर्मा के मुताबिक दिग्विजयसिंह ने फेसबुक पर पोस्ट लिखी थी। टीआइ के मुताबिक पुलिस उस फेसबुक अकाउंट की जांच कर रही है, जिस पर गोलवलकर के संबंध में पोस्ट की गई है।

