राजगढ़/मप्र– प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जिले के विकासखंड सारंगपुर में 112 करोड रूपये की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जन अभियान परिषद के सहयोग से जलदूतों के साथ श्रमदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां श्री कपिलेश्वर मुनि मंदिर में महादेव की पूजा अर्चना की एवं जलाभिषेक किया। श्रमदान आरंभ करने के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालीसिंध नदी में भी जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार, सांसद रोडमल नागर, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक राजगढ़ अमर सिंह यादव, खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी, विधायक नरसिंहगढ़ मोहन शर्मा, सदस्य दिशा ज्ञानसिंह गुर्जर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बडी संख्या में नागरिक मौजूद थे। मख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। प्रदेश में गोसंवर्धन की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब कोई भी गौशाला लावारिस नहीं रहेगी। प्रत्येक गौशाला में प्रति गाय के मान से 20 की जगह 40 रूपये अनुदान दिया जाएगा। जो किसान घरों में 25 से अधिक गाय पालेंगे उनको भी सरकार अनुदान देगी। प्रदेश के धार्मिक नगरों में शराब बंदी लागू की गई है। अब इन नगरों में शराब की बजाए दूध की दुकाने चालू की जाएंगी। किसानों को बिजली की सहूलियत प्रदान करने के लिए अब उनको सोलर सिस्टम पर अनुदान दिया जा रहा है, ताकि वे सिंचाई की बिजली के लिए परेशान न हो।
मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग की प्रशंसा
प्रदेश में पहली बार जिले के सभी थानों को आईएसओ प्रमाण पत्र और पुलिस विभाग द्वारा अपराधियों को अपराधिक प्रवृत्ति से मुक्ति दिलकार सामान्य जीवन की दिशा में लाए जाने के कार्य को भी सराहनीय बताया। कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री कपिलेश्वर गौशाला पहुंचकर गौ पूजन एवं गोवर्धन पूजन की। तत्पश्चात 38.37 करोड लागत के अधोसंरचना एवं विकास के 35 कार्यो का लोकार्पण किया गया। साथ ही 31 करोड लागत के अधोसंरचना एवं विकास के 13 कार्य एवं 42.23 करोड लागत के जल गंगा संवर्धन अभियान के 685 कार्यो का भूमिपूजन शामिल है।

