नरसिंहगढ़/राजगढ़। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय निगम जी ने नरसिंहगढ़ विकासखंड के ग्राम पीलूखेड़ी, माना और कोटरा का भ्रमण किया। इस दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने उनका स्वागत किया।
श्री निगम ने समूह की महिलाओं से लखपति संवाद कर राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को आधुनिक खेती, तकनीक और व्यवसाय अपनाकर आजीविका के नए साधन विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण तथा पात्र महिलाओं को व्यक्तिगत ऋण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने एक बगिया माँ के नाम, मुख्यमंत्री आवास, पंचायत भवन, सीसी रोड, आंगनवाड़ी केंद्र, मध्याह्न भोजन व्यवस्था और विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी भी ली।
ग्राम कोटरा में श्री निगम ने ग्रामीण होम-स्टे का अवलोकन किया और ग्रामीणों द्वारा तैयार देशी भोजन का स्वाद लिया। उन्होंने होम-स्टे की व्यवस्थाओं तथा ग्रामीणों की आजीविका गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक,ब्लॉक स्टाफ तथा विभिन्न विकासखंडों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। भ्रमण से स्व-सहायता समूह की महिलाओं और ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।

