मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 252 करोड़ 65 लाख रुपए के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण /भूमि पूजन किया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 252 करोड़ 65 लाख रुपए के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण /भूमि पूजन किया

सारंगपुर/राजगढ़/मप्र:–मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जल से ही प्रकृति का उद्भव और जीवन का विकास है। हम जब जल संरचनाओं को देखते हैं तो हमारा मन आनंद से भर जाता है,आज हमारा दायित्व है कि हम उन सब का संरक्षण करें एवं उन्हें सहेजें। आज यहां जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन कार्यक्रम है,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को राजगढ़ जिले के भैंसवा माता क्षेत्र में प्रदेश में चलाए गए जल गंगा संवर्धन अभियान के तीसरे चरण के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने 252 करोड़ 65 लाख रुपए के 31 विकास कार्यों का लोकार्पण/ भूमि पूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने भैंसवा माता क्षेत्र के विकास के लिए 20 करोड रुपए सहित अन्य घोषणाएं भी की। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सनातन संस्कृति में पंच तत्वो, विशेष रूप से जल काका विशेष महत्व है। हमारे यहां हर पवित्र कार्य जल हाथ में लेकर ही होता है। प्रसिद्ध कवि रहीम ने भी पानी की महत्ता बताई। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत राजगढ़ जिले में बहुत अच्छा कार्य हुआ है। इस कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा मध्य प्रदेश में चिन्हित छह सर्वश्रेष्ठ जिलों में राजगढ़ जिले का भी नाम शामिल है। इसके लिए उन्होंने सभी संबंधितों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम भी दिलवाया जा रहा है। हमारी सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2625 रुपए कर दिया है. किसानों को किसान सम्मन निधि दी जाती है। हमारी सवा करोड़ बहनों को लाडली बहना योजना का लाभ दिया जा रहा है। बच्चों को उनकी शिक्षा के लिए हर संभव सुविधा दी जा रही है।
पानी की एक एक बूंद का संरक्षण कर भावी पीढ़ी का भविष्य करे सुरक्षित-मंत्री श्री पटेल

पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान में अब तक हुए सभी कार्य प्रामाणिकता के साथ हुए है। इस साल बारिश के मौसम में कम वर्षा का अनुमान है इसलिए जल संचयन और जल स्त्रोतों का संरक्षण निरंतर जारी रखना आवश्यक है। हम सभी को पानी की एक-एक बूंद संचित कर भावी पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित करना है। कम वर्षा से डरने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार और सभी अधिकारी-कर्मचारी जनभागीदारी से जल संरक्षण के प्रयास कर रहे हैं। मंत्री श्री पटेल ने जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन को मां भैंसवा के पवित्र स्थल पर रखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आभार व्यक्त किया।
प्रदेश में जल संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किए भगीरथी प्रयास – राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल

राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में जल संरक्षण और सिंचाई सुविधाएं को बढ़ाने के लिए भागीरथी प्रयास किए हैं। प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। जल संरक्षण के इस अभियान में पंचायतों को जोड़कर जनभागीदारी से कुएं, बाबड़ी, तालाब, नदियों की सफाई और प्राचीन जल स्त्रोतों का जीर्णोद्धार किया गया है। राज्यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने सांदीपनि विद्यालय, पीकेसी परियोजना से पानी, भैंसवामाता लोक निर्माण सहित अनेक निर्माण कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हृदय से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजगढ़ जिले में विकास को नई रफ्तार देते हुए कुल 352 करोड़ 65 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 247 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत के 14 विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और 105.25 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 17 विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण शामिल है।
इस अवसर पर मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, विधायक नरसिंहगढ़ मोहन शर्मा, विधायक राजगढ़ अमर सिंह यादव, विधायक खिलचीपुर, हजारीलाल दांगी, भाजपा जिला अध्‍यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, भोपाल संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सहित जन प्रतिनिधिगण व बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

0Shares
भोपाल राजगढ़ ब्यावरा