मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया राजगढ़ के जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.दौराना का सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया राजगढ़ के जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ.दौराना का सम्मान

राजगढ़/ब्यावरा:– जिले के लिए गौरव का क्षण उस समय आया जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राजगढ़ के जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जलाल उद्दीन दौराना को देश में एचपीवी टीकाकरण में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने पर सम्मानित किया। साथ ही जिला टीकाकरण शाखा के जय सोनी और नरसिंहगढ़ से एएनएम श्रीमती सरिता मरावी को भी सम्मानित किया गया। डॉ. दौराना के नेतृत्व में राजगढ़ जिले की स्वास्थ्य टीम ने एचपीवी किशोरी बालिकाओं को लगाये जाने वाले विशेष टीकाकरण अभियान में निर्धारित लक्ष्य को देश में सबसे पहले पूर्ण कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि के साथ राजगढ़ ने न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के स्वास्थ्य मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। अभियान के दौरान जिले के हजारों पात्र किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया गया, जिससे राजगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी जिला बनकर उभरा। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. दौराना ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे राजगढ़ जिले की स्वास्थ्य टीम, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, मैदानी कर्मचारियों तथा जिले के जागरूक नागरिकों का है।उन्होंने इस सफलता का श्रेय जिले के प्रभारी एवं जनप्रतिनिधियों में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोज़गार विभाग गौतम टेटवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल, पूर्व जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एल.पी. भकोरिया तथा विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट समन्वय को दिया।

उन्होंने कहा कि सभी ने इस अभियान को जन-उत्सव का रूप देकर अभूतपूर्व सफलता दिलाई। डॉ. दौराना ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव से मिला यह सम्मान उनके लिए गर्व के साथ-साथ आगे भी और अधिक समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा है। इस राष्ट्रीय उपलब्धि ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि मजबूत नेतृत्व,टीम भावना और जनसहभागिता के बल पर राजगढ़ जिला स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में देश के लिए प्रेरणादायक मॉडल बन चुका है।

0Shares
राजगढ़ ब्यावरा