शतप्रतिशत कोरोना वैक्सिनेशन कराने वाली पंचायतें एवं नगरीय निकाय 15 अगस्त को होगी सम्मानित

छोटी-छोटी नगरीय निकायों में एक दिवस में ही टीकाकरण हेतु बने रणनीति

राजगढ़ (ब्यावरा) जिले मे ज्यादा से ज्यादा टिकाकरण करवाये जाने को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने आज आयोजित समय-सीमा बैठक मे कहा की ऐसी पंचायतें एवं नगरीय निकाय जो अपने क्षेत्रांतर्गत शतप्रतिशत लक्षित व्यक्तियों का कोविड़-19 वैक्सिनेशन करवा लिया जाएगा, को 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार 90 प्रतिशत से अधिक वैक्सिनेशन वाली पंचायतों को सम्मानित करने पंचायतों में पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी सम्मानित करेंगे।
जिले में शतप्रतिशत कोविड़-19 टीकाकरण हेतु उन्होंने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को स्थानीय संकट प्रबंधन समूह, समाज सेवियों और नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने और लक्ष्यों को समय सीमा में हासिल करने के निर्देष दिए। इसके साथ ही उन्होने जिले के छोट-छोटे नगरीय निकायों में एक दिवस में शतप्रतिशत वैक्सिनेशन हेतु योजना बनाने, रणनीति तय करने, टीकाकरण केन्द्रों की संख्या बढ़ाने एवं वैक्सीन उपलब्ध होते ही उसे मूर्त रूप देने के निर्देश दिए। प्रथम चरण में उन्होने अनुभाग खिलचीपुर के नगरीय निकाय छापीहेड़ा, सारंगपुर के पचोर, ब्यावरा के सुठालिया तथा नरसिंहगढ़ के नगरीय निकाय कुरावर के शतप्रतिषत वैक्सिनेशन हेतु तत्काल कार्ययोजना बनाने संबंधितों को निर्देशित किया।
इसी प्रकार उन्होंने राजगढ़ नगर और खुजनेर के लिए भी तैयारी रखने निर्देषित किया। उन्होने खुजनेर नगर के 100 प्रतिशत लक्षित व्यक्तियों के टीकाकरण हेतु 20 जून, 2021 की समय सीमा निर्धारित की। इस हेतु वैक्सीन लगाने एवं नही लगाने वाले व्यक्तियों की मतदाता सूची से पहचान करने तथा ऐसे व्यक्ति जिन्हे वैक्सीन नही लगी, का वार्डवार टीकाकरण केन्द्र के माध्यम से टीकाकरण कराने निर्देशित किया।
समीक्षा के दौरान उन्होने कोरोना टीकाकरण कार्य की सही रिपोर्टिंग करने भी संबंधितों को निर्देशित किया तथा टीकाकरण स्थल पर उपस्थित नही रहने एवं पदेन दायित्वों के प्रति लापरवाही करने वाली उप स्वास्थ्य केन्द्र खजूरी के श्रीमती भावना चौधरी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खुजनेर की श्रीमती भूली पुष्पद, श्रीमती भगवती राठौर, श्रीमती आशालता चौधरी, श्रीमती मधु वर्मा ए.एन.एम. को निलंबित करने के निर्देश दिए।
समय-सीमा के पत्रों एवं आवेदनों की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में खनिज के अवैध उत्खन्न एवं परिवहनकर्ताओ के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा जिन्होंने खनिज रायल्टी की राशि जमा नहीं की है और लीज निरस्त हो गई है, के द्वारा खनिज का उत्खन्न करने पर उनके विरूद्ध अवैध उत्खन्न के प्रकरण बनाए जाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होने कुंवर कोठरी-ढ़ाबला मार्ग की गुणवत्ता एवं निर्माण कार्य की शिकायत के मद्देनजर कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग को जांच करने, गतवर्ष जीरापुर में प्याज खरीदी में अनियमिताएं करने वाले संबंधितों के विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराने, अपूर्ण गौशालाएं शीघ्र पूर्ण करने तथा पूर्ण गौशालाओं का संचालन इसी सप्ताह प्रारंभ करने, चौपाल स्थल में चबूतरा निर्माण 20 जून, 2021 के पूर्व पूर्ण करने तथा उप स्वास्थ्य केन्द्रों में पदस्थ स्वास्थ्य विभाग का मैदानी अमला अपने स्वास्थ्य केन्द्र मुख्यालय मे निवास करता है या नही ? तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र नियमिति खुल रहे हैं या नही ?, का सत्यापन करने एवं प्रतिवेदन देने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

0Shares
राजगढ़ ब्यावरा