कोरोना संकट से बचने संकट प्रबंधन समूह रणनीति बनाएं और जनहित में निर्णय लें- संभाग आयुक्त श्री कियावत

*जैतपुर कलां एवं झाड़ मऊ में पंचायत स्तरीय संकट प्रबंधन समूह की बैठक में हुए शामिल*

राजगढ़
कोरोना संक्रमण के दौरान कठिन दौर से गुजरे हैं। इस प्रकार का संकट दोबारा नहीं हो। इस उद्देश्य से संकट प्रबंधन समूह रणनीति बनाएं एवं जनहित में निर्णय लें। कोरोना से बचने का सबसे अच्छा उपाय रोगी शीघ्र पहचान और तत्काल उपचार और प्रारंभिक लक्षण के अनुसार तत्काल दवाइयां प्रारंभ हों। रोग छुपाए नहीं अन्यथा विकराल समस्या उत्पन्न होगी और जीवन भी खतरे में पड़ सकता है। यह बात आयुक्त भोपाल संभाग भोपाल श्री कविंद्र कियावत ने खिलचीपुर के जैतपुर कला एवं जीरापुर के झाड़मऊ में पंचायत संकट प्रबंधन समूह की आयोजित बैठक में कही।

इस अवसर पर उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की मेहनत की प्रशंसा की और कहा कि उनकी मेहनत से आज जिला कोरोना संकट से बाहर निकल रहा है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशाओं का सम्मान करने सभी से कहा। इसके साथ ही उन्होंने रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु योग- प्राणायाम करने, गर्म पानी पीने, भाप लेने एवं गर्म पानी से गरारे करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन सुरक्षा कवच है। सभी 18 वर्ष से ऊपर के व्यक्ति अपना टीकाकरण कराये एवं कोरोना से सुरक्षित रहें।

जैतपुर कलां में ग्रामीणों द्वारा श्मशान घाट तक जाने का रास्ता नहीं होने और बड़े नाले से जनहानि होने का खतरा बताते हुए पुलिया एवं मार्ग की मांग आयुक्त श्री कियावत से की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए मार्ग एवं पुलिया निर्माण कराए जाने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को तत्काल निर्देशित भी किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री ए. साई मनोहर ने ग्रामीणों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने और महिलाओं के टीकाकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने सभी से आग्रह किया।

बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने कहा कि कोरोना कर्फ्यू में कुछ ढील दी जायेंगी। नागरिकगण प्राप्त ढील का अनावश्यक फायदा नहीं उठाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना अभी गया नहीं है। ढील आवश्यकता के मद्देनजर दी जाएगी। कोविड प्रोटोकॉल का सभी पालन करें। कोरोना की तीसरी लहर आये ही नहीं के लिए, सुरक्षा के समस्त उपाय करें एवं कोरोना का टीका भी 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोग लगवाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों को प्रभावित करेगी। जिला प्रशासन की पहली और आखिरी प्राथमिकता में बच्चों का स्वास्थ्य है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शर्मा तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री केदार सिंह ने भी संकट प्रबंधन समूह एवं उपस्थित नागरिकों से कोरोना से बचने हेतु दिए जाने वाले दिशा निर्देशों का अनिवार्यत: पालन करने का आग्रह किया।

0Shares
राजगढ़ ब्यावरा